हरिद्वार: लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर जेल अधीक्षक को धमकी देने वाला गिरफ्तार, तमंचा-कारतूस बरामद

हरिद्वार। जिला कारागार रोशनाबाद के वरिष्ठ जेल अधीक्षक को लॉरेंस बिश्नोई के नाम से जान से मारने की धमकी देने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान पंजाब के लुधियाना निवासी हिमांशु चोढा के रूप में हुई है। उसके कब्जे से एक तमंचा, जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 11 सितंबर को जेल अधीक्षक मनोज कुमार आर्य ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके मोबाइल पर लॉरेंस बिश्नोई के नाम से अभद्र और धमकी भरे संदेश भेजे गए हैं। मामले में मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस और सीआईयू की टीम आरोपी की तलाश में जुटी थी।
सोमवार को सिडकुल थाना पुलिस ने सूर्यनगर के पास चेकिंग के दौरान हिमांशु चोढा को गिरफ्तार किया। तलाशी लेने पर उसके पास से 315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस मिला। इसके अलावा धमकी भेजने में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी बरामद किया गया। पुलिस ने मामले में आर्म्स एक्ट की धारा भी जोड़ी है।
पत्नी से पूछताछ को लेकर था नाराज
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी पत्नी शीला रोशनाबाद जेल में बंद है। जेल में पत्नी से मुलाकात के दौरान जेल स्टाफ द्वारा पूछताछ किए जाने से वह नाराज था। पुलिस का कहना है कि पत्नी के कहने पर उसने जेल अधीक्षक को लॉरेंस बिश्नोई के नाम से धमकी देने का फैसला किया।
आरोपी ने लुधियाना जाकर अपने आधार कार्ड से नया मोबाइल नंबर लिया और उसी से जेल अधीक्षक को धमकी भरे संदेश भेजे। बाद में सोशल मीडिया के माध्यम से उसे अपने खिलाफ मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिली। पुलिस के अनुसार, इसके बाद वह तमंचा और कारतूस लेकर लुधियाना से हरिद्वार आया था। वह जेल की ओर जा रहा था, तभी चेकिंग के दौरान पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
पुलिस अब मामले में आरोपी की पत्नी की भूमिका की भी जांच कर रही है और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। कोर्ट में पेश करने के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया है।


