उत्तराखंड: हरिद्वार-जबलपुर पूजा स्पेशल ट्रेन की तारीख बदली, अब 22 अक्तूबर से चलेगी; फेरे भी घटे

रुड़की। त्योहारों के सीजन में हरिद्वार और जबलपुर के बीच सफर करने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने पूजा फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन के शेड्यूल में बदलाव किया है। पहले यह ट्रेन 8 अक्तूबर से चलने वाली थी, लेकिन अब इसका संचालन 22 अक्तूबर से 20 नवंबर तक किया जाएगा। साथ ही ट्रेन के फेरों की संख्या भी घटा दी गई है।
रेलवे के अनुसार, गाड़ी संख्या 01703-04 जबलपुर-हरिद्वार-जबलपुर पूजा फेस्टिवल स्पेशल एक्सप्रेस अब दोनों दिशाओं में पांच-पांच फेरे लगाएगी। यह ट्रेन जबलपुर से प्रत्येक बृहस्पतिवार को शाम 3:30 बजे रवाना होकर कटनी, दमोह, सागर, बीना-मलखेड़ी, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी जंक्शन, ग्वालियर, आगरा कैंट, अलीगढ़, खुर्जा, हापुड़, मेरठ सिटी और रुड़की होते हुए अगले दिन दोपहर 2:20 बजे हरिद्वार पहुंचेगी।
वहीं, हरिद्वार से ट्रेन 23 अक्तूबर से प्रत्येक शुक्रवार शाम 3:10 बजे रवाना होगी और निर्धारित मार्ग से होते हुए अगले दिन शाम 4:20 बजे जबलपुर पहुंचेगी। ट्रेन का रुड़की रेलवे स्टेशन पर भी ठहराव रहेगा।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, त्योहारों के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए इस स्पेशल ट्रेन का संचालन किया जा रहा है। यात्रियों को नए शेड्यूल के अनुसार अपनी यात्रा की योजना बनाने की सलाह दी गई है।
अन्य दो स्पेशल ट्रेनों का भी संचालन
त्योहारी सीजन में श्रीमाता वैष्णो देवी कटरा-वाराणसी और जम्मूतवी-वाराणसी के बीच भी स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। दोनों ट्रेनों के मुरादाबाद मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर ठहराव निर्धारित किए गए हैं।



