
शिमला: कुमारसैन क्षेत्र से 12 सितंबर से लापता पिता और बेटी के शव सतलुज नदी से बरामद हुए हैं। 18 वर्षीय स्नेहा अपने पिता कुलदीप राणा के साथ कुमारसैन गई थी, जिसके बाद दोनों लापता हो गए थे। पुलिस और स्थानीय लोगों ने उनकी तलाश शुरू की थी।
तलाश के दौरान पहले कुलदीप राणा का शव सतलुज नदी से बरामद हुआ। करीब 12 दिन बाद उनकी बेटी स्नेहा का शव भी नदी से मिला। शव मिलने के बाद परिवार में मातम पसरा है।
जानकारी के अनुसार, पिता-पुत्री कार से कुमारसैन गए थे और देर रात वापस लौट रहे थे। कुलदीप ने अपनी पत्नी से फोन पर बात कर करीब 10 मिनट में घर पहुंचने की बात कही थी, लेकिन दोनों घर नहीं पहुंचे।
इसके बाद उनकी कार सड़क किनारे मिली थी। कार का बाईं ओर का शीशा टूटा हुआ था। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि सड़क किनारे कार मिलने के बावजूद पिता-बेटी सतलुज नदी तक कैसे पहुंचे। मामले की जांच जारी है।



