अमेरिका: ट्रंप के CNN, MS NOW और Politico पर व्हाइट हाउस बैन को कोर्ट ने रोका

वॉशिंगटन: अमेरिकी संघीय अदालत ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन को CNN, MS NOW और Politico के पत्रकारों का व्हाइट हाउस प्रेस एक्सेस बहाल करने का आदेश दिया है। अदालत ने ट्रंप प्रशासन के इन तीन मीडिया संस्थानों पर लगाए गए प्रतिबंध के अमल पर 14 दिनों के लिए रोक लगा दी है।
अमेरिकी जिला जज टिम केली ने कहा कि इन मीडिया संस्थानों पर लगाया गया प्रतिबंध प्रथम संशोधन और उचित प्रक्रिया से जुड़े संवैधानिक प्रावधानों का उल्लंघन कर सकता है। अदालत के अनुसार, प्रतिबंध लगाए जाने से पहले संबंधित मीडिया संस्थानों को पर्याप्त नोटिस या अपना पक्ष रखने का अवसर नहीं दिया गया था।
ट्रंप ने 18 सितंबर को CNN, MS NOW और Politico के पत्रकारों का व्हाइट हाउस एक्सेस रद्द करने की घोषणा की थी। इसके बाद तीनों मीडिया संस्थानों ने अदालत में याचिका दायर कर फैसले को चुनौती दी थी।
ट्रंप प्रशासन की ओर से अदालत में तर्क दिया गया था कि व्हाइट हाउस में मीडिया की पहुंच एक विशेषाधिकार है और राष्ट्रपति इसे निलंबित कर सकते हैं। वहीं, मीडिया संस्थानों ने आरोप लगाया कि कार्रवाई उनके कवरेज के आधार पर की गई और इससे प्रेस की स्वतंत्रता प्रभावित होती है।
अदालत का यह आदेश फिलहाल 14 दिनों के लिए प्रभावी है, जबकि मामले की आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी रहेगी।



