
मैनपुरी: बाजार में बिक रहे रेडीमेड गेहूं के आटे में टेलकम पाउडर मिलाए जाने की पुष्टि हुई है। ज्योंती खुड़िया में खेतों में संचालित एक अनधिकृत आटा निर्माण इकाई से लिए गए नमूनों की लैब जांच में आटा फेल पाया गया और उसमें हाइड्रेटेड मैग्नीशियम सिलिकेट की मौजूदगी मिली है।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने छह अगस्त को इकाई पर छापा मारकर 43 बोरियों में टेलकम पाउडर बरामद किया था। पूछताछ में इकाई संचालक अजीत कुमार ने कथित तौर पर राजस्थान से पाउडर मंगाकर मशीनों के जरिए आटे में मिलाने की बात स्वीकार की थी।
टीम ने आटा और पाउडर के अलग-अलग नमूने जांच के लिए भेजे थे। लैब रिपोर्ट में आटे में हाइड्रेटेड मैग्नीशियम सिलिकेट की पुष्टि हुई है। हालांकि, सरकारी लैब की सीलबंद रिपोर्ट अभी स्थानीय खाद्य सुरक्षा कार्यालय को आधिकारिक रूप से प्राप्त नहीं हुई है, इसलिए अधिकारी रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की बात कह रहे हैं।
अधिकारियों के अनुसार, इकाई में तैयार आटे की आपूर्ति मैनपुरी के ग्रामीण क्षेत्रों के अलावा फिरोजाबाद क्षेत्र में भी की जाती थी। फिलहाल निर्माण इकाई सील है और रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।



