
बदायूं के उघैती थाना क्षेत्र में 17 सितंबर को जंगल में प्रेमी-प्रेमिका को घेरकर मारपीट और छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि क्षेत्र के आठ-दस युवकों ने दोनों को घेर लिया और किशोरी के साथ छेड़छाड़ करते हुए घटना का वीडियो भी बनाया।
घटना के बाद मामला सामने नहीं आया था। गुरुवार को आरोपित युवकों द्वारा वीडियो लोगों को दिखाए जाने के बाद पुलिस को इसकी जानकारी मिली। पुलिस ने आरोपितों की तलाश शुरू की तो उन्होंने वीडियो डिलीट कर दिए।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार कर उनके मोबाइल फोन जब्त किए हैं। पुलिस डिलीट किए गए वीडियो को बरामद करने का प्रयास कर रही है, ताकि उसे जांच में साक्ष्य के तौर पर शामिल किया जा सके।
पीड़ित युवक की तहरीर पर छेड़छाड़ और मारपीट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। एसएसपी अंकिता शर्मा ने उघैती पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की गहन जांच के निर्देश दिए हैं।



