लोहरदगा: पंचायत भवन में चोरी का तीन घंटे में खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार; चोरी का सामान बरामद

लोहरदगा के जोबांग थाना क्षेत्र स्थित देवदरिया पंचायत भवन में हुई चोरी का पुलिस ने महज तीन घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का सामान भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 24 सितंबर की सुबह करीब 10:25 बजे सूचना मिली कि अज्ञात चोरों ने पंचायत भवन के बैठक कक्ष का दरवाजा तोड़कर एलसीडी टीवी और कंप्यूटर यूपीएस चोरी कर लिया है। एसपी सादिक अनवर रिजवी के निर्देश पर तत्काल विशेष पुलिस टीम गठित की गई।
तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों ने चोरी की बात स्वीकार की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 20 वर्षीय प्रीतम लोहरा और 21 वर्षीय विकाश सिंह के रूप में हुई है। दोनों जोबांग थाना क्षेत्र के खरचा गांव के रहने वाले हैं।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी हुई एलसीडी टीवी का टूटा स्क्रीन, मदरबोर्ड, पावर सप्लाई तार और कंप्यूटर यूपीएस बरामद किया। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।



