देवरिया: समुद्री हमलों में तीन युवाओं की मौत, परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़

देवरिया के तीन युवाओं की अलग-अलग समुद्री हमलों में मौत हो चुकी है। शिवानंद चौरसिया, अभिषेक निषाद और अब सूरज यादव रोजगार और परिवार की आर्थिक स्थिति बेहतर करने के लिए समुद्री जहाजों पर काम कर रहे थे। तीनों की मौत के बाद उनके परिवारों में मातम है।
गौरीबाजार क्षेत्र के करमाजीतपुर गांव निवासी 23 वर्षीय सूरज यादव मर्चेंट नेवी के जहाज एमवी केप दाओ पर तैनात थे। ओमान के पूर्वी तट के पास हुए हमले में उनकी मौत हो गई। प्रशिक्षण के बाद उन्हें की लाइन सर्विस प्राइवेट लिमिटेड में नौकरी मिली थी।
इससे पहले करमेल गांव निवासी 22 वर्षीय अभिषेक निषाद की 19 जुलाई को यूक्रेन के ओडेसा बंदरगाह के पास हुए रूसी मिसाइल हमले में मौत हुई थी। वह गोल्डन लियो जहाज पर सवार थे। डीएनए जांच के बाद उनकी पहचान हुई और 23 अगस्त को उनका शव दिल्ली पहुंचा।
वहीं, सुरौली गांव निवासी शिवानंद चौरसिया की 10 जून को ओमान तट के पास एमटी सेटेबेलो पर हुए अमेरिकी हमले में मौत हुई थी। उनका शव 17 जून को दिल्ली पहुंचा था। तीनों युवा परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने और बेहतर भविष्य की उम्मीद में समुद्री क्षेत्र में रोजगार के लिए गए थे।



