उत्तराखंड

उत्तराखंड: जरूरतमंद छात्रों की पढ़ाई की चिंता करने वाली लवप्रीत को सीएम धामी ने दिया टैबलेट

Listen to this News

देहरादून। हरिद्वार की छात्रा लवप्रीत कौर की संवेदनशील सोच से प्रभावित होकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उसे टैबलेट देने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन कार्यक्रम में लवप्रीत ने अपनी जरूरत से पहले आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों की ऑनलाइन पढ़ाई के लिए डिजिटल संसाधन उपलब्ध कराने का मुद्दा उठाया था।

लवप्रीत कौर ने मुख्यमंत्री के सामने कहा था कि कई परिवारों की आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं है कि वे अपने बच्चों के लिए फोन या लैपटॉप खरीद सकें। ऐसे में संसाधनों की कमी के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होती है। छात्रा ने जरूरतमंद विद्यार्थियों को डिजिटल संसाधन उपलब्ध कराने की मांग रखी थी।

छात्रा की बात से प्रभावित होकर मुख्यमंत्री ने उसे टैबलेट देने के निर्देश दिए। इसके बाद जिलाधिकारी के माध्यम से शिक्षा विभाग के अधिकारी लवप्रीत के घर पहुंचे और उसे टैबलेट सौंपा। छात्रा ने इसके लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

सरकारी स्कूलों के 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को भी मिलेंगे टैबलेट

मुख्यमंत्री धामी ने कार्यक्रम के दौरान सरकारी विद्यालयों के कक्षा 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को टैबलेट उपलब्ध कराने की घोषणा भी की थी। यह सुविधा प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से दी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आर्थिक कारणों से संसाधनों की कमी विद्यार्थियों की प्रतिभा और शिक्षा में बाधा नहीं बननी चाहिए। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश का हर विद्यार्थी आधुनिक शिक्षा से जुड़े और डिजिटल संसाधनों के माध्यम से सीखने के नए अवसर प्राप्त कर सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button