
जम्मू नगर निगम के एनजीओ सफाई कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर टाउन हॉल परिसर में प्रदर्शन किया। अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ के बैनर तले कर्मचारियों ने एनजीओ व्यवस्था खत्म करने और सेवाओं को नियमित करने की मांग उठाई।
संघ के नगर निगम इकाई के प्रधान अमर मोमन के अनुसार, कर्मचारी 25 और 26 सितंबर को दो दिवसीय सांकेतिक हड़ताल पर हैं। उन्होंने कहा कि जब तक एनजीओ सिस्टम खत्म करने का लिखित सरकारी आदेश नहीं मिलता, आंदोलन जारी रहेगा।
संघ का दावा है कि जम्मू शहर के 75 वार्डों में से आधे से अधिक वार्डों में एनजीओ सफाई कर्मचारी सफाई व्यवस्था संभालते हैं। प्रदर्शन के दौरान संघ के नेताओं ने कुछ सेनिटरी इंस्पेक्टरों के रवैये पर भी आपत्ति जताई और कर्मचारियों के आंदोलन को दबाने के प्रयास का आरोप लगाया।
संघ ने जम्मू नगर निगम और प्रशासन को 30 सितंबर तक का अल्टीमेटम दिया है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि तब तक एनजीओ व्यवस्था खत्म करने और कर्मचारियों को राहत देने का आधिकारिक आदेश जारी नहीं हुआ, तो 1 अक्टूबर से सभी एनजीओ सफाई कर्मचारी काम बंद कर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे।



