
उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हो रही बारिश के चलते बिजली की खपत और अधिकतम मांग में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। बीते 24 घंटे में प्रदेश की बिजली खपत 125.1 मिलियन यूनिट कम हुई है। वहीं, अधिकतम बिजली मांग में 6,197 मेगावाट की कमी दर्ज की गई।
यूपीएसएलडीसी के आंकड़ों के अनुसार, 24 सितंबर को प्रदेश में बिजली की खपत 501.3 मिलियन यूनिट थी, जो 25 सितंबर को घटकर 376.2 मिलियन यूनिट रह गई। इसी तरह अधिकतम बिजली मांग 27,577 मेगावाट से घटकर 21,380 मेगावाट हो गई।
सितंबर के दूसरे पखवाड़े में बारिश कमजोर पड़ने और उमस बढ़ने के कारण बिजली की मांग में तेजी आई थी। 23 सितंबर की रात मांग करीब 29 हजार मेगावाट तक पहुंच गई थी। अब बारिश और तापमान में गिरावट के कारण पंखे, कूलर और एयर कंडीशनर जैसे उपकरणों का इस्तेमाल कम हुआ है, जिसका असर बिजली की कुल खपत पर पड़ा है।
मौसम विभाग के अनुसार, 26 सितंबर को पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी है। 27 सितंबर को भी भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। हालांकि 28 सितंबर से मौसम में सुधार होने का अनुमान है। ऐसे में अगले एक-दो दिनों तक बिजली की मांग अपेक्षाकृत कम रह सकती है, जबकि मौसम साफ होने और तापमान बढ़ने पर खपत फिर बढ़ने की संभावना है।



