
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने सोमवार को मदुरै में नवजात बच्चों के लिए ‘थाई मामन थंगा मोथिरम’ योजना की शुरुआत की। इस योजना के तहत सरकारी अस्पतालों में जन्म लेने वाले पात्र बच्चों को एक ग्राम की 22 कैरेट सोने की अंगूठी दी जाएगी।
योजना के पहले चरण के लिए सरकार ने करीब 1.28 लाख सोने की अंगूठियां तैयार कराई हैं। इसका लाभ उन पात्र बच्चों को भी मिलेगा, जिनका जन्म 22 जून 2026 से सरकारी अस्पतालों में हुआ है। राज्य सरकार ने इस योजना के लिए सालाना करीब 755.83 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है।
सरकार के अनुसार, प्रत्येक अंगूठी पर अलग सीरियल नंबर होगा और इसे छेड़छाड़-रोधी पैकेजिंग में रखा जाएगा। योजना का उद्देश्य सरकारी अस्पतालों में संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने के साथ मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति लोगों का भरोसा मजबूत करना है।
पहले चरण में राज्यभर में 107 वितरण केंद्र बनाए गए हैं। पुराने पात्र मामलों में प्रतिदिन प्रति केंद्र अधिकतम 100 बच्चों को अंगूठी वितरित की जाएगी, जबकि योजना लागू होने के बाद सरकारी अस्पतालों में जन्म लेने वाले पात्र बच्चों को अस्पताल से छुट्टी के समय अंगूठी दी जाएगी।



