
मुंबई में आयकर विभाग ने अभिनेत्री रकुल प्रीत सिंह, फिल्म निर्माता वासु भगनानी और पैनोरमा स्टूडियोज से जुड़े करीब 12 ठिकानों पर सोमवार को तलाशी अभियान चलाया। आयकर विभाग की अलग-अलग टीमें मुंबई में संबंधित परिसरों और कार्यालयों की जांच कर रही हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, विभाग की कार्रवाई कुछ संदिग्ध वित्तीय लेन-देन से जुड़ी जानकारी के आधार पर की जा रही है। अधिकारियों द्वारा संबंधित परिसरों में वित्तीय रिकॉर्ड, बही-खाते, बैंक खातों और विदेशी लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है।
बताया जा रहा है कि आयकर विभाग को फिल्मों की शूटिंग, विदेशी वितरण और प्रोडक्शन खर्च के नाम पर विदेश में धन भेजे जाने से संबंधित इनपुट मिले थे। विभाग इन लेन-देन की जांच कर रहा है और संभावित कर संबंधी अनियमितताओं का पता लगाने के लिए दस्तावेजों और डिजिटल रिकॉर्ड की पड़ताल की जा रही है।
फिलहाल तलाशी अभियान जारी है। रकुल प्रीत सिंह, उनके पति जैकी भगनानी या वासु भगनानी की ओर से इस कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। जांच पूरी होने के बाद ही मामले से जुड़े तथ्यों और किसी संभावित वित्तीय अनियमितता की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



