
देहरादून के विजय पार्क क्षेत्र में भाजपा पार्षद अमिता सिंह के घर हुई लाखों रुपये की लूट के मामले में पुलिस को अहम सुराग मिले हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि वारदात की साजिश घर में काम करने वाले नौकर ने रची थी। सीसीटीवी फुटेज में पांच संदिग्धों के वारदात के बाद घर से निकलकर भागने की जानकारी सामने आई है।
जानकारी के अनुसार, घरेलू काम के लिए करीब 20 से 25 दिन पहले रखे गए नौकर ने कथित तौर पर परिवार का भरोसा जीतने के बाद खाने में नशीला पदार्थ मिला दिया। खाना खाने के बाद पार्षद अमिता सिंह, उनके पति महिपाल और बेटे शुभम की तबीयत बिगड़ गई और वे बेहोशी की हालत में पहुंच गए।
इसके बाद आरोपियों ने घर से सोने के आभूषण और नकदी लूट ली और फरार हो गए। घटना के समय परिवार के सदस्यों की हालत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया। पति और बेटे की हालत में सुधार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया, जबकि पार्षद का उपचार जारी होने की खबर है।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही फरार नौकर और उसके साथियों की तलाश कर रही है। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों ने वारदात से पहले घर की रेकी की थी या नहीं और उन्हें घर में रखे कीमती सामान की जानकारी कैसे मिली। मामले में जांच जारी है।



