
नैनीताल: उत्तराखंड के नैनीताल जिले में शराब की दुकानों पर निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत वसूलने की शिकायतों के बाद प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। भवाली में अंग्रेजी शराब की दुकान पर छापेमारी के दौरान ओवररेटिंग और रेट लिस्ट नहीं लगाए जाने की अनियमितताएं सामने आईं।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर उपजिलाधिकारी धारी अनुराग आर्या के नेतृत्व में टीम ने भवाली स्थित शराब की दुकान का निरीक्षण किया। जांच में शराब निर्धारित कीमत से अधिक दर पर बेचे जाने की बात सामने आई। साथ ही दुकान पर रेट लिस्ट भी चस्पा नहीं मिली।
प्रशासन ने दुकान संचालक को निर्धारित मूल्य पर ही शराब बेचने और रेट लिस्ट को स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। वहीं, ओवररेटिंग के मामले में चालान की संस्तुति की गई है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शराब की दुकानों पर निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली और अन्य अनियमितताओं के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।



