
पटियाला: पंजाब के राजपुरा स्थित चितकारा यूनिवर्सिटी में छात्रों के हंगामे के मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। परिसर में दो छात्राओं के लापता होने और मौत से जुड़ी अपुष्ट खबरें सोशल मीडिया पर फैलने के बाद छात्रों ने देर रात प्रदर्शन किया था। इस दौरान पुलिस और छात्रों के बीच झड़प हुई थी और पुलिस की गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई थी।
मामले की शुरुआत छात्राओं के लापता होने की अफवाहों से हुई। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं यूनिवर्सिटी परिसर में एकत्र हुए और प्रबंधन से जवाब मांगा। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और वाहनों में तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आईं।
पुलिस और यूनिवर्सिटी प्रबंधन ने छात्राओं की मौत या लापता होने संबंधी दावों को अपुष्ट बताया था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हंगामे में शामिल लोगों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।



