
देहरादून: संत गुरु रविदास की 650वीं जयंती के अवसर पर उत्तराखंड में भाजपा की ओर से समरसता संकल्प यात्रा निकाली जाएगी। इसे लेकर भाजपा प्रदेश कार्यालय में बैठक आयोजित कर तैयारियों पर चर्चा की गई।
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य ने बताया कि समरसता संकल्प अभियान के चौथे चरण की यात्रा विभिन्न राज्यों से होते हुए उत्तराखंड पहुंचेगी। यात्रा का उद्देश्य संत रविदास के समता, सामाजिक न्याय, भाईचारे और मानवता के संदेश को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संत समाज, सामाजिक संगठनों और आमजन को जोड़कर यात्रा का भव्य स्वागत सुनिश्चित करने की अपील की।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि संत रविदास की शिक्षाएं आज भी प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि सशक्त समाज और मजबूत राष्ट्र के निर्माण के लिए सभी वर्गों में आपसी सम्मान और सद्भाव जरूरी है। बैठक में पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी, विधायक, जिलाध्यक्ष और नगर निकायों के अध्यक्ष मौजूद रहे।



