
देहरादून: भाजपा के राज्यसभा सांसद नरेश बंसल ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कई सवाल उठाए। पार्टी मुख्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में बंसल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की राजनीति अब दिवंगत परिजनों और सनातन आस्थाओं को निशाना बनाने तक पहुंच गई है।
बंसल ने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माता और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के पितृ श्राद्ध तर्पण का उपहास किया। उन्होंने कांग्रेस नेताओं पर जनरल बिपिन रावत के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने का भी आरोप लगाया।
राहुल गांधी की चुप्पी पर भी सवाल
बंसल ने भारत के वीर कैप्टन स्मिथ मच्छार के सम्मान में राहुल गांधी की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस नेता फिलीस्तीन और गाजा जैसे मुद्दों पर सक्रिय रहते हैं। उन्होंने अजीत डोभाल के लिए कथित अपमानजनक शब्दों के इस्तेमाल पर भी आपत्ति जताई।
उन्होंने कहा कि भाजपा की राजनीति सेवा, सुशासन, विकास और महिला सशक्तीकरण पर आधारित है। राजनीतिक संघर्ष मुद्दों पर होना चाहिए और लोकतांत्रिक बहस मर्यादा के साथ होनी चाहिए। प्रेसवार्ता में भाजपा के प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, सह मीडिया प्रभारी राजेंद्र नेगी और प्रदेश प्रवक्ता दीप्ति रावत भी मौजूद रहे।



