
Listen to this News
रायवाला: रायवाला-ऋषिकेश रेलवे ट्रैक पर सत्यनारायण मंदिर के पास सोमवार रात बाड़मेर एक्सप्रेस की चपेट में आने से करीब 40 वर्षीय महिला की मौत हो गई। हादसा रात करीब 9:45 बजे हुआ। सूचना मिलने पर रायवाला कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया।
पुलिस के अनुसार, महिला ऋषिकेश से रायवाला की ओर आ रही बाड़मेर एक्सप्रेस की चपेट में आई। मृतका के पास से पहचान संबंधी कोई दस्तावेज नहीं मिला। महिला ने क्रीम रंग की मैक्सी और नीले रंग का प्लाजो पहना था। उसके दाहिने हाथ पर टैटू बना हुआ है।
पुलिस आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटाकर महिला की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखा गया है।



