उत्तराखंडदेशराष्ट्रीय

हरिद्वार: धनौरी लॉ कॉलेज के आवासीय भवन का हिस्सा गिरा, मलबे में दबकर पीएसी जवान की मौत

Listen to this News

हरिद्वार: धनौरी स्थित अमृत लॉ कॉलेज में सोमवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। कॉलेज के आवासीय भवन का एक हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया। मलबे में 40वीं वाहिनी पीएसी का कांस्टेबल कासिम आदिल अहमद दब गए। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, कलियर उर्स के दौरान 40वीं वाहिनी पीएसी की एक प्लाटून कॉलेज के आवासीय भवन में ठहरी हुई थी। दोपहर में शौचालय की ओर का भवन का हिस्सा अचानक ढह गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, आपदा राहत दल और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर जवान को मलबे से बाहर निकाला। उन्हें पहले अस्पताल और बाद में एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

बताया जा रहा है कि कॉलेज का यह भवन करीब 20 वर्ष पुराना है और खेत के बीच बना हुआ है। भवन की दीवारों में पहले से दरारें दिखाई देने की बात सामने आई है। लगातार बारिश के कारण आसपास की मिट्टी में पानी भरने से भवन की स्थिति और कमजोर होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।

हादसे के बाद धनौरी क्षेत्र में जर्जर सरकारी भवनों की स्थिति को लेकर भी चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार क्षेत्र में उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग के कई पुराने भवन लंबे समय से मरम्मत के अभाव में जर्जर हैं। इनमें एक भवन में पुलिस चौकी भी संचालित हो रही है। स्थानीय लोगों ने ऐसे भवनों का तकनीकी निरीक्षण कराने और सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button