
देहरादून की विष्णुलोक कॉलोनी में हुए ट्रिपल मर्डर के दौरान सहायिका शीला ने बुजुर्ग कपूर दंपती को बचाने के लिए अपनी जान की परवाह किए बिना हमलावर का सामना किया। घटना के समय शीला सामने वाले घर में काम कर रही थी। कपूर दंपती के घर से चीखने की आवाज सुनकर वह तुरंत वहां पहुंची।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी प्लंबर राजकुमार बुजुर्ग दंपती पर पेचकस से हमला कर रहा था। शीला ने बीच-बचाव की कोशिश की तो आरोपी ने उस पर भी कई वार किए। उसके पेट और गले पर गंभीर चोटें आईं। आसपास के लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और तीनों घायलों को कोरोनेशन अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने कपूर दंपती को मृत घोषित कर दिया। शीला ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
शीला पहले कपूर दंपती के घर पर काम कर चुकी थी और परिवार को जानती थी। इसी वजह से उनकी चीख सुनते ही वह मदद के लिए दौड़ पड़ी। परिजनों ने बताया कि शीला स्वभाव से मददगार थीं और हर किसी की सहायता के लिए तैयार रहती थीं।



