गुरुग्राम: 19वीं मंजिल से गिरकर मजदूर की मौत, साथी घायल; हंगामे में पुलिस गाड़ी में तोड़फोड़

गुरुग्राम के सेक्टर-113 में निर्माणाधीन स्मार्ट वर्ल्ड बिल्डिंग की 19वीं मंजिल से गिरकर एक श्रमिक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना शुक्रवार शाम की है। मृतक की पहचान 19 वर्षीय दिलखुश के रूप में हुई है, जो बिहार के कटिहार का रहने वाला था। घायल श्रमिक 29 वर्षीय वासुदेव पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना का निवासी है।
जानकारी के अनुसार, दोनों श्रमिक 19वीं मंजिल पर काम कर रहे थे। इसी दौरान पैर फिसलने से दोनों नीचे गिर गए। दिलखुश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वासुदेव ने गिरते समय लोहे की सरिया पकड़ ली, जिससे उसके हाथ में गंभीर चोट आई। मौके पर मौजूद अन्य श्रमिकों ने उसे बचाकर अस्पताल पहुंचाया।
हादसे के बाद श्रमिकों ने साइट पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। श्रमिकों ने ठेकेदार सद्दाम पर सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराने का आरोप लगाया और उसके साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे हेड कांस्टेबल विनोद पर भी हमला किया गया।
हंगामे के दौरान पुलिस की ईआरवी गाड़ी में भी तोड़फोड़ की गई और उसका शीशा तोड़ दिया गया। स्थिति बिगड़ने पर बजघेड़ा थाना पुलिस अतिरिक्त बल के साथ मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, अभी मृतक के परिवार की ओर से कोई शिकायत नहीं मिली है और मामले की जांच की जा रही है।



