उत्तराखंड

मसूरी: पानीवाला बैंड के पास गहरी खाई में मिला व्यापारी का शव, क्षतिग्रस्त सड़क के पास खड़ी थी कार

Listen to this News

मसूरी। देहरादून-मसूरी मार्ग पर पानीवाला बैंड के पास मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से के नीचे करीब 200 मीटर गहरी खाई में एक व्यक्ति का शव मिला। शव नदी के समीप पड़ा था। सूचना मिलने पर पुलिस, एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची और संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर शव को खाई से बाहर निकाला।

पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 8:30 बजे सूचना मिली थी कि पानीवाला बैंड के पास सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से के नजदीक एक कार खड़ी है और नीचे खाई में एक व्यक्ति पड़ा हुआ दिखाई दे रहा है। इसके बाद कोल्हूखेत चौकी प्रभारी पंकज महिपाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

मृतक की पहचान अजय कुमार कोहली, निवासी क्रॉस रोड, देहरादून के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, अजय मंगलवार सुबह करीब सात बजे घर से मसूरी घूमने के लिए निकले थे। वह देहरादून में व्यापारी थे।

कार से शराब की आधी बोतल, पर्स और मोबाइल मिला

पुलिस को घटनास्थल पर सड़क के किनारे मृतक की कार खड़ी मिली। कार के अंदर से शराब की आधी बोतल, पर्स और मोबाइल फोन बरामद हुआ। शव काफी गहरी खाई में होने के कारण एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीम को रेस्क्यू के लिए बुलाया गया। दोनों टीमों ने काफी मशक्कत के बाद शव को खाई से बाहर निकाला।

मौके पर फील्ड यूनिट और एंबुलेंस की टीम भी मौजूद रही। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि घटना के कारणों की जांच की जा रही है और मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button