हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग पर नगरासू गुरुद्वारे में विवाद, निहंगों और प्रबंधन के बीच तनाव; सुरक्षा बढ़ाई गई

रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग पर स्थित नगरासू गुरुद्वारे में निहंग श्रद्धालुओं और गुरुद्वारा प्रबंधन के बीच हुए विवाद के बाद तनावपूर्ण स्थिति बन गई। घटना के बाद कई निहंग गुरुद्वारे की छत पर चढ़ गए, जिससे प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में आ गईं।
मिली जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत गुरुद्वारे के सेवादारों और पंजाब से आए निहंग यात्रियों के बीच कहासुनी से हुई। इसके बाद कुछ निहंगों ने विरोध स्वरूप गुरुद्वारे परिसर में डेरा डाल दिया। प्रशासन और पुलिस की टीम लगातार दोनों पक्षों से बातचीत कर मामले का शांतिपूर्ण समाधान निकालने में जुटी है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस, प्रशासन और आईटीबीपी के जवानों को मौके पर तैनात किया गया है। एहतियातन रुद्रप्रयाग और श्रीनगर क्षेत्रों में इंटरनेट सेवाएं भी अस्थायी रूप से बंद की गईं, ताकि सोशल मीडिया पर किसी प्रकार की अफवाह न फैल सके।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि हेमकुंड साहिब यात्रा और चारधाम यात्रा पूरी तरह सुरक्षित और सुचारु रूप से जारी है। गुरुद्वारे में अरदास और लंगर सेवा भी सामान्य रूप से संचालित हो रही है। अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है।



