उत्तराखंड

कोटद्वार: पुलिंडा रोड पर अचानक आया हाथियों का झुंड, जान बचाकर भागे युवा; तीन दोपहिया वाहन क्षतिग्रस्त

Listen to this News

कोटद्वार में रविवार को पुलिंडा रोड पर उस समय अफरातफरी मच गई, जब सड़क पर अचानक हाथियों का झुंड पहुंच गया। यहां घूमने पहुंचे कुछ युवाओं का सामना हाथियों से हो गया। हाथियों को देखकर युवाओं ने मौके से भागकर अपनी जान बचाई। इस दौरान हाथियों ने तीन दोपहिया वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ा।

जानकारी के अनुसार, पिछले कई दिनों से हाथियों का झुंड पुलिंडा और ग्रास्टनगंज क्षेत्र में लगातार मंडरा रहा है। रविवार को कुछ युवा दोपहिया वाहनों से पुलिंडा रोड पर घूमने पहुंचे थे। दोपहर करीब 12:30 बजे अचानक हाथियों का झुंड सड़क पर आ गया। इस दौरान हाथियों ने एक मोटरसाइकिल को क्षतिग्रस्त कर दिया।

इसके बाद शाम करीब साढ़े तीन बजे तीन हाथी दोबारा सड़क पर पहुंच गए। इस दौरान उन्होंने एक स्कूटी और एक रॉयल एनफील्ड बाइक को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।

वन विभाग ने बढ़ाई गश्त

घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ा। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। रेंजर विपिन चंद्र जोशी ने बताया कि हाथियों के झुंड ने तीन दोपहिया वाहन क्षतिग्रस्त किए हैं।

सुरक्षा को देखते हुए पुलिंडा मार्ग पर वनकर्मियों की गश्त बढ़ा दी गई है। वन विभाग ने युवाओं और स्थानीय लोगों से हाथियों की मौजूदगी वाले क्षेत्रों में जाने से बचने की अपील की है। साथ ही, हाथी दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचना देने को कहा गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button