जमुई वायरल वीडियो मामला: आपत्तिजनक वीडियो प्रसारित करने वाला मुख्य आरोपी रामाशीष चौधरी गिरफ्तार

जमुई। बिहार के जमुई में नाबालिग छात्र-छात्रा के साथ हुई बदसलूकी के आपत्तिजनक वीडियो को सोशल मीडिया पर प्रसारित करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी रामाशीष चौधरी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने घटनास्थल के वीडियो को सबसे पहले सोशल मीडिया पर प्रसारित किया था।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और साइबर सर्विलांस की मदद से आरोपी की पहचान की। इसके बाद उसे मड़वा इलाके से गिरफ्तार किया गया। पुलिस अब उससे पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वीडियो उसे किस माध्यम से मिला और उसने इसे किन-किन सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और ग्रुपों में साझा किया।
मामले में अब तक कई आरोपियों पर कार्रवाई
इस मामले में पुलिस पहले ही कई आरोपियों को पकड़ चुकी है। पुलिस मुख्यालय के अनुसार, घटना को लेकर पोक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है और महिला एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) गठित की गई है। मामले में स्पीडी ट्रायल की तैयारी भी की जा रही है।
पुलिस ने आपत्तिजनक वीडियो को सोशल मीडिया पर साझा करने और नाबालिग की पहचान उजागर करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की चेतावनी दी है। पुलिस के मुताबिक, वीडियो को आगे प्रसारित करने वाले सोशल मीडिया अकाउंट्स की भी जांच की जा रही है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे नाबालिगों से जुड़े इस आपत्तिजनक वीडियो को डाउनलोड, शेयर या दोबारा पोस्ट न करें। मामले की जांच जारी है और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।



