देश

बिहार: नाबालिग छात्रा का अपहरण कर दुष्कर्म और हत्या का आरोप, लखनऊ में रेलवे ट्रैक के पास मिली; एक हिरासत में

Listen to this News

पटना के बिहटा थाना क्षेत्र से एक नाबालिग छात्रा के लापता होने के बाद लखनऊ में उसकी मौत का मामला सामने आया है। छात्रा का शव रेलवे ट्रैक के पास मिला था। परिजनों ने गांव के तीन युवकों पर अपहरण, दुष्कर्म और हत्या का आरोप लगाया है।

परिजनों के अनुसार, कक्षा 10 में पढ़ने वाली छात्रा 18 सितंबर को अचानक लापता हो गई थी। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चला। अगले दिन लखनऊ रेल प्रशासन की ओर से परिजनों को सूचना दी गई कि छात्रा घायल अवस्था में आलमनगर के पास रेलवे ट्रैक से मिली है।

सूचना मिलने के बाद परिजन लखनऊ पहुंचे, लेकिन तब तक छात्रा की इलाज के दौरान मौत हो चुकी थी। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजन बिहटा लेकर पहुंचे और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने घटनास्थल से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है।

छात्रा की मां ने बिहटा थाने में शंकर राय, दुर्गा राय और लक्ष्मण कुमार को नामजद करते हुए शिकायत दी है। शिकायत में तीनों पर छात्रा के अपहरण, दुष्कर्म और हत्या का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने नामजद आरोपित लक्ष्मण कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि अन्य आरोपितों की भूमिका की जांच की जा रही है।

पुलिस लखनऊ जीआरपी के संपर्क में है और मोबाइल, शव बरामदगी तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट समेत अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, छात्रा के साथ वास्तव में क्या हुआ और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button