
लखनऊ के मोहनलालगंज क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला की हत्या का मामला सामने आया है। महिला का शव बुधवार देर रात घर से कुछ दूरी पर एक खाली प्लॉट में अर्धनग्न अवस्था में मिला। घटनास्थल से टूटी चूड़ियां और खून के निशान भी मिले हैं। महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, महिला प्लॉट में बनी एक दुकान में रहकर पशुओं की देखभाल करती थीं। बुधवार को खाना खाने के बाद वह वापस प्लॉट पर गई थीं। आरोप है कि इसके बाद दो लोग वहां पहुंचे और उनके साथ मारपीट की। शोर सुनकर ग्रामीण मौके की ओर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी वहां से फरार हो चुके थे।
महिला के बेटे की तहरीर पर राजेश उर्फ गुड्डू और हरिराम के खिलाफ हत्या और सामूहिक दुष्कर्म की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, दुष्कर्म की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगी। मामले में आगे की जांच जारी है।



