
उत्तराखंड में मौसम विभाग ने 26 और 27 सितंबर को भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। देहरादून, टिहरी, हरिद्वार और पौड़ी जिलों में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश तथा कहीं-कहीं अत्यंत भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम की चेतावनी को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने, जिला आपातकालीन संचालन केंद्रों को सक्रिय रखने और किसी भी आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा है।
मौसम विभाग ने अन्य जिलों में भी गरज-चमक, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से नदी-नालों और संवेदनशील क्षेत्रों की ओर न जाने की अपील की है।
पहाड़ी क्षेत्रों में भारी बारिश के कारण भूस्खलन और सड़कें बाधित होने की आशंका को देखते हुए प्रशासन को सतर्क रखा गया है। 26 सितंबर के लिए IMD ने उत्तराखंड में अत्यंत भारी बारिश और 27 सितंबर को भी अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी दर्ज की है।



