
श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर विधानसभा में मंगलवार को स्पीकर अब्दुल रहीम राथर को हटाने की मांग को लेकर भाजपा विधायकों ने जमकर हंगामा किया। भाजपा सदस्यों ने स्पीकर पर एक विवादित प्रस्ताव को सदन में चर्चा के लिए मंजूरी देने को लेकर सवाल उठाए। विरोध के बीच भाजपा विधायकों ने सदन से वॉकआउट भी किया।
नेता प्रतिपक्ष सुनील शर्मा ने स्पीकर के फैसले पर आपत्ति जताते हुए कहा कि जिस प्रस्ताव पर चर्चा हो रही है, उसकी संवैधानिक वैधता को लेकर सवाल उठाए गए हैं। उन्होंने स्पीकर से नैतिक आधार पर इस्तीफा देने की मांग की। वहीं, भाजपा विधायक आरएस पठानिया ने स्पीकर को हटाने के लिए दिए गए नोटिस का मुद्दा उठाया।
सदन में भाजपा विधायकों और स्पीकर के बीच तीखी बहस भी हुई। भाजपा सदस्यों ने ‘कुर्सी छोड़ो’ समेत कई नारे लगाए और वेल में पहुंचकर विरोध जताया। स्पीकर राथर ने कहा कि उन्हें हटाने का प्रस्ताव निर्धारित प्रक्रिया के तहत 14 दिन बाद लिया जा सकता है और तब तक सदन की कार्यवाही जारी रहेगी।
विवाद जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल करने से जुड़े प्रस्ताव में 2000 के स्वायत्तता प्रस्ताव और अन्य पुराने प्रस्तावों के संदर्भ को लेकर भी है। भाजपा ने राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग का समर्थन करते हुए प्रस्ताव में इन संदर्भों को शामिल किए जाने पर आपत्ति जताई है।



