
आइची-नागोया में जारी एशियन गेम्स 2026 में मंगलवार को भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। निशानेबाजी में नीरू ढांडा ने महिलाओं की ट्रैप व्यक्तिगत स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीता। वहीं, मुक्केबाजी में नरेंद्र को पुरुषों के 90+ किलोग्राम भार वर्ग में ब्रॉन्ज मेडल से संतोष करना पड़ा।
नीरू ढांडा ने फाइनल में 28 का स्कोर करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इससे पहले उन्होंने महिलाओं की ट्रैप टीम स्पर्धा में भी सिल्वर मेडल जीता था। टीम स्पर्धा में नीरू के साथ आशीमा अहलावत और मनीषा कीर शामिल थीं। भारतीय टीम ने 328 अंक हासिल कर दूसरा स्थान प्राप्त किया।
मुक्केबाजी में नरेंद्र 90+ किलोग्राम वर्ग के सेमीफाइनल में कजाकिस्तान के आइबेक ओरलबे से 0-5 से हार गए। सेमीफाइनल में पहुंचने के कारण नरेंद्र के खाते में ब्रॉन्ज मेडल आया। वहीं, 80 किलोग्राम वर्ग में अंकुश पंघाल ने उज्बेकिस्तान के फादिलउद्दीन इरकिनबोएव को 4-1 से हराकर फाइनल में जगह बना ली है।
भारत की मेडल टैली में अब तक 45 पदक थे, जिनमें चार गोल्ड, 20 सिल्वर और 21 ब्रॉन्ज शामिल थे। नीरू के गोल्ड और नरेंद्र के ब्रॉन्ज के बाद भारत के पदकों की संख्या 47 हो गई है।



