
देहरादून के नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र में बिग बॉस फेम यूट्यूबर अनुराग डोभाल समेत कई लोगों के खिलाफ मारपीट, रास्ता रोकने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने राज सिंह चौहान की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तहरीर के अनुसार, राज सिंह चौहान पांच अक्तूबर की शाम हरिद्वार बाईपास स्थित एक कैफे के पास अनुराग डोभाल और उनके साथियों से मिलने गए थे। आरोप है कि बातचीत के दौरान उनके साथ मारपीट की गई। तहरीर में अनुराग पर गला दबाकर जान से मारने का प्रयास करने और अन्य आरोपियों पर लोहे के हथियार व डंडों से हमला करने का आरोप लगाया गया है।
शिकायतकर्ता ने मोबाइल फोन और सोने की चेन छीनने तथा बाद में फोन और इंस्टाग्राम के माध्यम से उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। मामले में अनुराग डोभाल के साथ अभय चौधरी, तपन पंडित, अभिषेक टाइगर, अभिनव श्रीवास्तव और गुरु भाई समेत अन्य लोगों के नाम बताए गए हैं। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है और मामले की जांच जारी है।



