
फ्लाईदुबई की दुबई-तेल अवीव उड़ान में को-पायलट के हमले में घायल भारतीय कैप्टन स्मित की खोपड़ी में गंभीर फ्रैक्चर होने का खुलासा हुआ है। रिपोर्ट के अनुसार, हमले के दौरान उनकी खोपड़ी में ‘डिप्रेस्ड फ्रैक्चर’ हुआ, जिसके बाद सऊदी अरब में उनका आपातकालीन उपचार किया गया।
कैप्टन स्मित को हमले में सिर के अलावा हाथ-पैर, छाती और ऊपरी पेट में भी चोटें आईं। सऊदी अरब में इलाज के बाद उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए अबू धाबी ले जाया गया, जहां सैन्य अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उनकी निगरानी कर रही है। उनकी हालत में सुधार की जानकारी सामने आई है।
हमले के दौरान गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन स्मित ने कॉकपिट का दरवाजा खोलने में कामयाबी हासिल की थी। इसके बाद यात्रियों और चालक दल के सदस्यों ने अंदर पहुंचकर हमलावर को काबू करने में मदद की। विमान को बाद में सऊदी अरब के ताबुक में आपातकालीन लैंडिंग करानी पड़ी।



