ALERT: 26 अप्रैल को कुंड बैराज के सभी गेटों से छोड़ा जाएगा पानी, लोगों को सावधानी बरतने की सलाह

देहरादून। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जनपद स्थित सिंगोली-भटवारी जल विद्युत परियोजना के तहत कुंड बैराज से 26 अप्रैल को सभी गेट खोलकर पानी छोड़ा जाएगा। यह कदम बैराज के रेडियल गेट की मरम्मत और सिल्ट फ्लशिंग के लिए उठाया जा रहा है।
परियोजना प्रबंधन के अनुसार, 26 अप्रैल को सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक बैराज के सभी गेट खोले जाएंगे, जिससे मंदाकिनी नदी का जलस्तर और जल प्रवाह तेजी से बढ़ने की संभावना है।
प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। लोगों से अपील की गई है कि वे इस दौरान नदी के पास न जाएं और अपने मवेशियों को भी दूर रखें, ताकि किसी भी तरह की दुर्घटना से बचा जा सके।
इसके साथ ही नदी क्षेत्र में कार्य कर रही खनन से जुड़ी संस्थाओं और व्यक्तियों को भी निर्देश दिए गए हैं कि वे अपनी मशीनों और उपकरणों को सुरक्षित स्थान पर ले जाएं।



