आदि कैलाश यात्रा का शुभारंभ: धारचूला से 200 से अधिक श्रद्धालु जयकारों के साथ शिव धाम रवाना

पिथौरागढ़। उत्तराखंड के धारचूला से पवित्र आदि कैलाश यात्रा का शुक्रवार को विधिवत शुभारंभ हो गया। पहले ही दिन 200 से अधिक श्रद्धालु भगवान भोले के जयकारों के बीच शिव धाम के लिए रवाना हुए।
यात्रा के पहले दल को प्रशासनिक अधिकारियों ने तवाघाट चौराहे से हरी झंडी दिखाकर गुंजी के लिए रवाना किया। इस दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला और पूरा क्षेत्र “हर-हर महादेव” के जयघोष से गूंज उठा।
प्रशासन के अनुसार, आदि कैलाश यात्रा के लिए अब तक सैकड़ों आवेदन प्राप्त हो चुके हैं, जिनमें से बड़ी संख्या में यात्रियों को परमिट भी जारी किए जा चुके हैं। इससे साफ है कि इस वर्ष यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह है।
आदि कैलाश यात्रा शुरू होने से व्यास घाटी के स्थानीय व्यापारियों, होटल संचालकों और होमस्टे व्यवसायियों में भी खुशी की लहर है, क्योंकि इससे क्षेत्र में पर्यटन और रोजगार को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।



