अमेरिका-ईरान तनाव का असर: राजस्थान में एलपीजी सिलिंडर महंगा, कॉमर्शियल गैस 3099 रुपये पहुंची

जयपुर। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ते अमेरिका-ईरान तनाव का असर अब आम लोगों और कारोबारियों की जेब पर पड़ने लगा है। राजस्थान में कॉमर्शियल एलपीजी सिलिंडर की कीमतों में भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
ताजा बढ़ोतरी के बाद 19 किलो वाले कॉमर्शियल गैस सिलिंडर की कीमत 993 रुपये बढ़कर 3099 रुपये हो गई है।
इस अचानक बढ़ोतरी का सीधा असर होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा संचालकों और छोटे व्यापारियों पर पड़ रहा है, क्योंकि ये वर्ग बड़े पैमाने पर कॉमर्शियल गैस पर निर्भर रहते हैं।
जानकारी के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और गैस की कीमतों में उछाल और पश्चिम एशिया में जारी भू-राजनीतिक तनाव इसकी मुख्य वजह है।
सिर्फ बड़े सिलिंडर ही नहीं, बल्कि 5 किलो वाले छोटे “छोटू सिलिंडर” के दाम में भी करीब 241 रुपये की बढ़ोतरी की गई है, जिससे निम्न आय वर्ग और प्रवासी मजदूरों पर अतिरिक्त बोझ बढ़ेगा।
हालांकि राहत की बात यह है कि घरेलू एलपीजी सिलिंडर (14.2 किलो) की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है।



