काशीपुर: प्रेम प्रसंग में पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर पति की हत्या, शराब में जहर देकर नहर में फेंका शव

उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के काशीपुर में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर साजिश रची और पति को शराब में जहर मिलाकर पिला दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपियों ने शव को कार में ले जाकर एनएच-74 बाईपास पुल से नहर में फेंक दिया, ताकि घटना को छुपाया जा सके।
मृतक की मां ने बेटे के लापता होने पर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। जांच के दौरान पत्नी का व्यवहार संदिग्ध पाया गया, जिसके बाद पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की।
पूछताछ में सामने आया कि महिला का एक युवक के साथ प्रेम संबंध था। पति से परेशान होकर दोनों ने मिलकर हत्या की साजिश रची थी।
पुलिस ने महिला और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। उनकी निशानदेही पर एसडीआरएफ की मदद से नहर से शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।



