बदरीनाथ हाईवे पर बड़ा हादसा: चारधाम यात्रियों से भरी बस पलटी, सात घायल

ऋषिकेश। उत्तराखंड के बदरीनाथ हाईवे पर रविवार शाम चारधाम यात्रा से लौट रहे श्रद्धालुओं की बस हादसे का शिकार हो गई। मुनिकीरेती थाना क्षेत्र के शिवपुरी के पास कलथरी डंपिंग प्वाइंट के निकट बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे के समय बस में चालक और परिचालक समेत कुल 27 लोग सवार थे।
पुलिस के अनुसार बस बदरीनाथ से हरिद्वार जा रही थी। यात्रा के दौरान चालक की साइड की खिड़की अचानक खुल गई। उसे बंद करने की कोशिश में चालक का संतुलन बिगड़ गया और बस पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
दुर्घटना में सात यात्री घायल हुए हैं, जिन्हें 108 एंबुलेंस की मदद से राजकीय चिकित्सालय ऋषिकेश पहुंचाया गया। अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आईं और वे सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही थाना मुनिकीरेती पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। हाईवे पर कुछ देर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कराया गया। यात्रियों को दूसरी बस से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया।



