नाइजीरिया में ISIS का बड़ा कमांडर ढेर, ट्रंप बोले- अमेरिकी और नाइजीरियाई सेना ने चलाया संयुक्त ऑपरेशन

अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump ने दावा किया है कि आतंकवादी संगठन ISIS के वैश्विक स्तर के दूसरे सबसे बड़े कमांडर अबू-बिलाल अल-मिनुकी को नाइजीरिया में एक बड़े सैन्य अभियान के दौरान मार गिराया गया है। ट्रंप के अनुसार यह ऑपरेशन अमेरिकी सेना और नाइजीरियाई सशस्त्र बलों ने मिलकर अंजाम दिया।
ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करते हुए कहा कि यह मिशन बेहद जटिल और रणनीतिक था। उन्होंने कहा कि अल-मिनुकी अफ्रीका में छिपकर ISIS की गतिविधियों को संचालित कर रहा था, लेकिन अमेरिकी खुफिया एजेंसियां लगातार उसकी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थीं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक अबू-बिलाल अल-मिनुकी को दुनिया के सबसे सक्रिय आतंकियों में से एक माना जाता था। वह अफ्रीका में ISIS नेटवर्क को मजबूत करने और अमेरिका समेत कई देशों के खिलाफ हमलों की साजिश रचने में शामिल था। अमेरिकी प्रशासन ने उसे पहले ही वैश्विक आतंकवादी घोषित कर रखा था।
ट्रंप ने इस ऑपरेशन के लिए नाइजीरिया सरकार और वहां की सेना का धन्यवाद भी किया। उन्होंने कहा कि अल-मिनुकी के मारे जाने से ISIS के वैश्विक नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है और संगठन की क्षमताएं काफी कमजोर हुई हैं।



