उत्तराखंड में राशन कार्ड के नियमों में होगा बड़ा बदलाव, राज्य खाद्य और अंत्योदय कार्ड की आय सीमा होगी संशोधित

त्तराखंड में राशन कार्ड धारकों और नए कार्ड बनवाने की प्रतीक्षा कर रहे लोगों के लिए बड़ी खबर है। राज्य सरकार जल्द ही राज्य खाद्य योजना (एपीएल) और अंत्योदय राशन कार्डों के लिए निर्धारित अधिकतम आय सीमा में संशोधन करने जा रही है। इसके लिए सरकार पात्रता मानकों की समीक्षा कर नए आय मानक तय करेगी।
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री रेखा आर्या ने विभागीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वर्तमान आय मानक काफी पुराने हो चुके हैं और बदलती आर्थिक परिस्थितियों के अनुरूप इनमें संशोधन आवश्यक है। सरकार इस संबंध में एक समिति गठित करेगी, जो नई आय सीमा तय करने के लिए सुझाव देगी।
वर्तमान में अंत्योदय राशन कार्ड के लिए मासिक आय सीमा 4,000 रुपये निर्धारित है, जबकि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना (एनएफएसए) के प्राथमिक परिवार राशन कार्ड के लिए अधिकतम मासिक आय 15,000 रुपये है। राज्य खाद्य योजना के तहत वार्षिक आय सीमा पांच लाख रुपये तक निर्धारित है। अब इन सभी श्रेणियों की आय सीमा बढ़ाने की संभावना पर विचार किया जाएगा।
बैठक में राशन वितरण प्रणाली को 30 जून तक पूरी तरह ऑनलाइन करने, राशन विक्रेताओं के लंबित भुगतान जारी करने और राशन व्यवस्था में फर्जीवाड़े पर सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए। सरकार का उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र परिवारों को योजनाओं का लाभ पहुंचाना और सार्वजनिक वितरण प्रणाली को अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनाना है।



