उत्तराखंड: भूकंप के दौरान भवनों की सुरक्षा जांच का मिलेगा प्रशिक्षण, सीबीआरआई तैयार करेगा विशेषज्ञ अधिकारी

देहरादून: उत्तराखंड में भूकंप के बढ़ते जोखिम को देखते हुए भवनों की सुरक्षा का वैज्ञानिक आकलन करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। अब केंद्रीय भवन अनुसंधान संस्थान (सीबीआरआई), रुड़की लोक निर्माण विभाग (PWD) समेत विभिन्न विभागों के अधिकारियों और इंजीनियरों को भवनों की भूकंप सुरक्षा का आकलन करने का विशेष प्रशिक्षण देगा।
हाल ही में सचिव आपदा प्रबंधन की अध्यक्षता में हुई बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रशिक्षित अधिकारी राज्य के छोटे शहरों में भवनों की भूकंप संवेदनशीलता का अध्ययन करेंगे। वहीं, प्रदेश के 10 बड़े शहरों में यह कार्य राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) से वित्तीय स्वीकृति मिलने के बाद शुरू किया जाएगा।
सीबीआरआई इससे पहले नैनीताल, मसूरी और कर्णप्रयाग में भूकंप जोखिम का अध्ययन कर चुका है। इन क्षेत्रों को भूकंप की दृष्टि से संवेदनशील पाया गया था। अब इसी मॉडल पर राज्य के अन्य शहरों में भी भवनों की सुरक्षा का आकलन करने की योजना बनाई गई है।
प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को भवनों की संरचनात्मक मजबूती का मूल्यांकन, संभावित जोखिमों की पहचान और भूकंपरोधी निर्माण के मानकों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही आम लोगों को सुरक्षित और भूकंपरोधी भवन निर्माण के प्रति जागरूक करने के लिए भी अभियान चलाया जाएगा।
आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार, यह पहल राज्य में आपदा जोखिम को कम करने और भविष्य में संभावित भूकंप के दौरान जान-माल के नुकसान को न्यूनतम करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी।



