देश

मुंबई में बारिश से रेलवे व्यवस्था प्रभावित: झाबुआ में 6 घंटे तक रुकी पश्चिम एक्सप्रेस, यात्रियों ने ट्रैक पर दिया धरना

Listen to this News

मुंबई में लगातार हो रही भारी बारिश और रेलवे ट्रैक पर जलभराव का असर मध्य प्रदेश के झाबुआ जिले तक देखने को मिला। मुंबई मंडल में रेल संचालन बाधित होने के कारण पश्चिम एक्सप्रेस बामनिया रेलवे स्टेशन पर करीब छह घंटे तक खड़ी रही, जिससे यात्रियों का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज़ यात्रियों ने ट्रेन से उतरकर रेलवे ट्रैक पर धरना दिया और रेल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।

यात्रियों का आरोप था कि उनकी ट्रेन को घंटों तक रोके रखा गया, जबकि इस दौरान अन्य स्थानीय ट्रेनों को प्राथमिकता देकर रवाना किया जा रहा था। लंबे इंतजार और सूचना के अभाव से परेशान यात्रियों ने रेलवे अधिकारियों से जवाब मांगा और जल्द ट्रेन चलाने की मांग की।

धरने के कारण कुछ समय के लिए रेल परिचालन भी प्रभावित हुआ। सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और यात्रियों को समझाकर शांत कराया। अधिकारियों ने बताया कि मुंबई मंडल में भारी बारिश और जलभराव के कारण ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ है, जिसके चलते कई ट्रेनों में देरी हुई।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि मौसम सामान्य होते ही ट्रेनों का संचालन पूरी तरह बहाल कर दिया जाएगा। अधिकारियों ने यह भी आश्वासन दिया कि प्रभावित यात्रियों की सुविधा के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button