Gangotri Highway Accident: पापड़ गाड के पास अनियंत्रित हुआ पिकअप, गंगा की ओर फिसला; बाल-बाल बचे कांवड़ यात्री

उत्तरकाशी: गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर पापड़ गाड के पास शनिवार को बड़ा हादसा होने से टल गया। गंगोत्री की ओर जा रहा एक पिकअप वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गया और गंगा नदी की ओर फिसलने लगा। गनीमत रही कि वाहन खाई के मुहाने पर ही अटक गया और सीधे उफनती गंगा में गिरने से बच गया। वाहन में सवार सभी कांवड़ यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, पुलिस-प्रशासन और सीमा सड़क संगठन (BRO) की टीमें मौके पर पहुंचीं। वाहन खाई की ओर लटका हुआ था, जिसके बाद स्थानीय लोगों की मदद और बीआरओ के भारी उपकरणों की सहायता से संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाया गया।
कड़ी मशक्कत के बाद रेस्क्यू टीम ने पिकअप वाहन को सुरक्षित सड़क तक खींच लिया। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
मानसून और कांवड़ यात्रा को देखते हुए सतर्कता की अपील
प्रशासन ने मानसून के दौरान गंगोत्री हाईवे पर सफर करने वाले वाहन चालकों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। अधिकारियों ने चालकों से वाहनों की गति नियंत्रित रखने और पहाड़ी मार्गों पर सावधानी से वाहन चलाने को कहा है।
बारिश के दौरान पहाड़ी सड़कों पर फिसलन और भूस्खलन का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में यात्रियों और वाहन चालकों से मौसम और सड़क की स्थिति को ध्यान में रखते हुए यात्रा करने की अपील की गई है।



