देहरादून में एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी, छह पदकों के साथ भारत शीर्ष पर

देहरादून: राजधानी में आयोजित एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी के तीसरे दिन भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। बुधवार को छह पदकों के साथ भारत पदक तालिका में शीर्ष स्थान पर बना हुआ है। प्रतियोगिता का समापन 20 अगस्त को खिताबी मुकाबलों के साथ होगा।
महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की हिमाद्री आइस रिंक में आयोजित प्रतियोगिता में भारतीय खिलाड़ियों ने जूनियर और सीनियर दोनों वर्गों में बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। चीन, दक्षिण कोरिया, हांगकांग और थाईलैंड के खिलाड़ियों ने भी अपनी तेज रफ्तार और शानदार रणनीति से मुकाबलों में कड़ी चुनौती पेश की।
जूनियर सी बालक वर्ग की 500 मीटर स्पर्धा में भारत के सिद्धांत मांजरे ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि यश परिजात जामदार ने रजत पदक अपने नाम किया। वहीं, जूनियर डी बालक वर्ग की 333 मीटर स्पर्धा में भारत के कीर्ति राज सिंह ने कांस्य पदक हासिल किया।
जूनियर बी पुरुष 500 मीटर में भारत के अद्वय कोठारी ने कांस्य पदक जीता। महिला वर्ग में साई सहाना ने रजत पदक अपने नाम किया। इसके अलावा जूनियर ए पुरुष 500 मीटर स्पर्धा में भारत के प्रणव माधव सुरापनेनी ने कांस्य पदक हासिल किया।
भारतीय खिलाड़ियों के इस प्रदर्शन के बाद भारत छह पदकों के साथ पदक तालिका में सबसे आगे बना हुआ है। अब सभी की नजरें 20 अगस्त को होने वाले फाइनल मुकाबलों पर हैं।



