चमोली टनल हादसा: मृतकों के परिजनों को 2 लाख, घायलों के परिवारों को 50 हजार रुपये की मदद

चमोली: उत्तराखंड के चमोली जिले में 13 अगस्त को हुए टनल हादसे के पीड़ितों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से अनुग्रह राशि मंजूर की गई है। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से 19 अगस्त को जारी पत्र में इसकी जानकारी दी गई।
पीएमएनआरएफ के तहत हादसे में जान गंवाने वाले श्रमिकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। वहीं, गंभीर रूप से घायल लोगों को 50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि प्रदान की जाएगी। यह राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी।
दरअसल, टीएचडीसी की पीपलकोटी-विष्णुगाड जल विद्युत परियोजना की निर्माणाधीन टनल में भारी भूस्खलन और पहाड़ी से पानी के रिसाव के कारण 22 श्रमिक फंस गए थे। इस हादसे में अब तक 11 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है।
प्रधानमंत्री कार्यालय ने चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार को पीड़ितों से संबंधित आवश्यक जानकारी ऑनलाइन एक्स-ग्रेशिया पोर्टल पर दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही लाभार्थियों के बैंक खातों से जुड़े प्रमाणित दस्तावेज भी पोर्टल पर अपलोड करने को कहा गया है। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत सहायता राशि जारी की जाएगी।



