मसूरी: एलबीएस अकादमी पहुंचे उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, आईएएस अधिकारियों के कार्यक्रम में हुए शामिल

मसूरी: उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन गुरुवार को मसूरी स्थित लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी (एलबीएसएनएए) पहुंचे। उन्होंने वर्ष 2024 बैच के आईएएस अधिकारियों के लिए आयोजित आईएएस प्रोफेशनल कोर्स फेज-II के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
अकादमी पहुंचने पर उपराष्ट्रपति ने सरदार वल्लभभाई पटेल और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन समारोह में हिस्सा लिया।
आईएएस प्रोफेशनल कोर्स फेज-II वर्ष 2024 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा अधिकारियों के प्रशिक्षण का हिस्सा है। समारोह के दौरान उपराष्ट्रपति ने प्रशिक्षु अधिकारियों को संबोधित करते हुए उन्हें देश की प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जन-केंद्रित बनाने के लिए प्रेरित किया।
उपराष्ट्रपति के मसूरी दौरे को देखते हुए एलबीएसएनएए परिसर और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए थे।



