उत्तराखंड

रुड़की: अमन हत्याकांड में पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़, तीन गिरफ्तार; एक के पैर में लगी गोली

Listen to this News

रुड़की में देसी शराब की कैंटीन के संचालक अमन की हत्या के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की तलाश के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि दो अन्य को पुलिस ने कांबिंग अभियान के दौरान पकड़ लिया।

पुलिस के अनुसार, 21 अगस्त को 30 वर्षीय अमन कैंटीन बंद कर अपने साथी प्रशांत के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान घात लगाए पांच बदमाशों ने दोनों पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से प्रशांत घायल होकर रास्ते में गिर गया, जबकि बदमाशों ने अमन का पीछा कर उसकी हत्या कर दी।

वारदात के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। देर रात पुलिस को सूचना मिली कि कुछ आरोपी बाइक से भागने की कोशिश कर रहे हैं। घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में सौरभ ताजपुरिया के पैर में गोली लगी। वहीं, भाग रहे अर्पित सैनी और दीप यादव को पुलिस ने कांबिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद की है। इस हत्याकांड में शामिल दो अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा मामला

एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल के अनुसार, शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। पुलिस के मुताबिक, अमन का दूसरे पक्ष की एक महिला से प्रेम प्रसंग था। इसी से नाराज होकर परिवार के एक सदस्य ने साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी। मामले की जांच जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button