उत्तराखंड में 41 मिठाई और बेकरी प्रतिष्ठानों पर जीएसटी कार्रवाई, 2.53 करोड़ रुपये की वसूली

उत्तराखंड में राज्य कर विभाग ने मिठाई और बेकरी उत्पादों की बिक्री करने वाले 41 चिन्हित प्रतिष्ठानों पर जीएसटी संबंधी कार्रवाई की। विभाग ने जांच के दौरान कुल 2.53 करोड़ रुपये की जीएसटी राशि की वसूली की है।
राज्य कर आयुक्त प्रतीक जैन के निर्देश पर संयुक्त ऑडिट और विशेष अन्वेषण शाखा की टीमों ने प्रदेशभर में यह कार्रवाई की। टीमों ने संबंधित व्यापारियों के जीएसटी रिटर्न और अन्य दस्तावेजों की जांच की।
प्रारंभिक जांच में विभाग को कुछ मिठाई विक्रेताओं द्वारा रेस्टोरेंट के नाम पर इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) का लाभ लेने की जानकारी मिली। इसके बाद कार्रवाई करते हुए विभाग ने 2.53 करोड़ रुपये की जीएसटी राशि वसूल की।
राज्य कर आयुक्त ने कहा कि राजस्व संग्रह में पारदर्शिता और कर व्यवस्था के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विभाग की कार्रवाई जारी रहेगी। आगामी त्योहारी सीजन तक मिठाई और खाद्य सामग्री विक्रेताओं की जांच जारी रहने की बात कही गई है।
विभाग ने उपभोक्ताओं से मिठाई और अन्य खाद्य सामग्री खरीदते समय बिल अवश्य लेने की अपील की है।



