उत्तराखंड में जरूरतमंदों के अपने आशियाने का सपना होगा पूरा, पीएम आवास के तहत 1647 मकान मंजूर

उत्तराखंड में आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 के तहत 1647 नए आवासों को मंजूरी मिली है। इन आवासों के लिए जल्द ही बजट जारी होने की उम्मीद है।
पीएम आवास 2.0 के तहत प्रदेश के विभिन्न नगर निकायों से प्रस्ताव प्राप्त हो रहे हैं। इस बार प्रस्तावों को जिलाधिकारी की निगरानी में जिला स्तरीय समिति के माध्यम से लिया जा रहा है। केंद्र सरकार ने आवासों की जियो टैगिंग भी अनिवार्य की है।
योजना के तहत एक आवास के निर्माण के लिए केंद्र सरकार की ओर से 2.25 लाख रुपये और राज्य सरकार की ओर से 50 हजार रुपये, यानी कुल 2.75 लाख रुपये की सहायता दी जाती है। यह राशि चार किस्तों में जारी की जाती है।
चमोली, हरिद्वार, नैनीताल, टिहरी और ऊधमसिंह नगर जिलों के विभिन्न नगर निकायों में 1647 आवास मंजूर किए गए हैं। इससे पहले प्रदेश में 2332 आवासों को मंजूरी मिल चुकी है और उनका बजट भी जारी किया जा चुका है।
वहीं, पीएम आवास योजना-शहरी 1.0 के तहत प्रदेश में करीब 350 आवास अभी बाकी हैं। इनका निर्माण 30 सितंबर तक पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।



