
उत्तराखंड में राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) और जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थानों (डायट) के लिए अलग-अलग शिक्षक कैडर बनाने की तैयारी पूरी हो गई है। इसके लिए कार्मिक और वित्त विभाग से मंजूरी मिल चुकी है और अब प्रस्ताव को कैबिनेट के समक्ष रखा जाएगा।
अभी एससीईआरटी और डायट में माध्यमिक शिक्षा विभाग से शिक्षकों की तैनाती की जाती है। इससे पहले से शिक्षकों की कमी से जूझ रहे माध्यमिक शिक्षा विभाग पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है। विभाग में चार हजार से अधिक पदों पर अतिथि शिक्षकों की तैनाती भी की गई है।
प्रस्ताव के तहत एससीईआरटी में असिस्टेंट प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर, प्रोफेसर, अपर निदेशक और निदेशक के पद होंगे। वहीं, डायट में प्रवक्ता, उप प्राचार्य और प्राचार्य के पद शामिल होंगे। दोनों संस्थानों के लिए अलग कैडर बनने के बाद शिक्षकों की नियुक्ति अलग से की जाएगी और इसके लिए अलग नियमावली तैयार होगी।
एससीईआरटी निदेशक बंदना गर्ब्याल के अनुसार, अलग कैडर के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा जा चुका है और पूर्व में आई आपत्तियों का निस्तारण कर दिया गया है।



